Thursday 17 December 2015

लड़कियों का पहला प्यार हैं स्कूल

 स्कूल जिंदा है क्योंकि वहां लड़कियों की हंसी के गुच्छे के फूल है
धरती के किसी स्कूल के  पास कोई इतिहास नहीं है सिवाए लड़कियों की स्मृतियों के...
स्कूल तभी तक बचे रहेंगे जब- तक लड़कियों की यादे बची रहेंगी
धरती के किसी स्कूल को उसके मास्टरों से नहीं
बल्कि वहां की लड़कियों से जाना जाता है
लड़कियां स्कूल की भाषा है
जिस स्कूल में लड़किया नहीं है
वह स्कूलों का श्मशान है
वहां हर कमरे में दूर - दूर की लड़कियों की स्मृतियां जलती रहती है
देवता भी रात में पश्चाताप करते है
आखिरकार वे क्यों नहीं गए कभी स्कूल
लड़कियां स्कूल आती रहेगी
स्कूल का इतिहास और विज्ञान बचा रहेगा
बची रहेगी मास्टरों की विद्या
जिस दिन लड़किया स्कूल नहीं आती
उस दिन स्कूल की भाषा मर जाती है
दीवारे उदास होकर आसमान निहारती है
इतिहास इसीलिए जिंदा है
क्योंकि उसके पास लड़कियों की बहुत सारी मुस्कान है
स्कूल की इमारते गिर जाती है
फिर भी बची रहती है उसमें एक खुशबू जो फूलों में नहीं होती है
लड़किया खाली वक्त स्कूलों की दीवारों में भरती रहती है अपने अजीबों- गरीब सपने
शहर का स्कूल हो या कस्बे का
लड़कियां यही आकर मुक्त होती है
लड़कियों का पहला और आखिरी प्यार है स्कूल है
एक लड़की स्कूल जाते वक्त सबसे अधिक सुंदर लगती है
भले से उसके पांव में हवाई चप्पल हो और धूल की मोटी परत
लड़कियां स्कूल में सीख लेती है लड़कों के भूगोल का विस्फोट
लड़किया स्कूल में सीख लेती है अंधेरे में एक रास्ता बनाना
लड़कियां सीख लेती है अंगुलियों से हवा को मोड़ना
लड़कियां स्कूल जाते वक्त जान जाती है
उनके समय का देवता कौन है।।

1 comment:

  1. लड़कियां सभ्यता और संस्कृति के साथ ही स्कूल की भाषा है | मनुष्य की सामाजिकी में रंग लड़कियों की दुनिया से ही आता है | कला , संगीत , कविता व कथा कर्म के लिए यह उपादान है तो जिन्दगी का सत्य व अर्थ | बहुत ही मर्म को छुने वाली कविता है |

    ReplyDelete