Monday 8 April 2013

एक लड़की के लिए प्रेमपत्र

एक लड़की के लिए प्रेमपत्र 
धरती के टुकड़े के बराबर होता हैं 
और लड़की प्रेमपत्र की आँच में 
बनाने लगती हैं एक ऐसी दुनिया 
जो यथार्थ से भी खुबसूरत होती हैं 
जब लड़की प्रेमपत्र पढ़ती हैं 
तभी वह लिखने लगती हैं 
अपनी मुक्ति की गीत 

एक लड़की के लिए प्रेमपत्र 
उसके समय का सबसे बड़ा सच होता हैं 
प्रेमपत्र की आवाज से 
लड़की इतिहास को भूलती हुई 
वर्तमान को अपनी हँसी से पकड़ी रहती हैं 
और एक समय के बाद प्रेमपत्र 
हथियार बन जाता हैं 
और लड़की गढ़ लेती हैं 
अपने लिए एक भाषा 
जिससे अपनी मुक्ति की कहानी लिख सके 

एक लड़की के लिए प्रेमपत्र 
किसी देवता से कम नहीं होता हैं 
वह प्रेमपत्र को बचा कर रखती हैं 
इस उम्मीद से की 
मौत के वक्त भी यह प्रेमपत्र उसके 
साथ ही जायेगा .............


नीतीश मिश्र 

No comments:

Post a Comment